गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों में व्याप्त समस्याओं के समाधान को लेकर बिहार सरकार के गन्ना उद्योग विभाग के मंत्री संजय पासवान ने राज्य के शिक्षा मंत्री से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने शिक्षा मंत्री को एक ज्ञापन सौंपते हुए स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार एवं आवश्यक निर्माण कार्य कराने की मांग की।
गन्ना मंत्री संजय पासवान ने ज्ञापन के माध्यम से बखरी, डंडारी एवं नावकोठी प्रखंड के कई विद्यालयों में भवन निर्माण, रंग-रोगन, मुख्य द्वार निर्माण, बिजली वायरिंग, चारदीवारी, उपस्कर एवं अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने बताया कि ज्ञापन में नावकोठी प्रखंड के 16, बखरी प्रखंड के 13 तथा डंडारी प्रखंड के 4 विद्यालयों से संबंधित मांगों को शामिल किया गया है और शिक्षा मंत्री से शीघ्र कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।
इसके अतिरिक्त गन्ना मंत्री ने गढ़पुरा प्रखंड के कोरियामा स्थित लक्ष्मी दायरानी संस्कृत विद्यालय में कम से कम चार अतिरिक्त वर्ग कक्षों के निर्माण की भी मांग की है, ताकि छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। इस पहल पर लोजपा आर के प्रखंड अध्यक्ष पंकज पासवान ने गन्ना मंत्री संजय पासवान को बधाई देते हुए इसे क्षेत्र के शिक्षा विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
