विजय भारती ब्यूरो AV भारत न्युज बेगुसराय
मुख्यमंत्री बिहार परिभ्रमण योजना के अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय चकदुल्लम बनवारीपुर व मध्य विद्यालय मल्हीपुर के छात्र-छात्राओं को शनिवार को ऐतिहासिक एवं शैक्षणिक भ्रमण पर नालंदा, राजगीर और पावापुरी ले जाया गया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक विवेक कुमार व प्रकाश रंजन राय ने बताया कि भ्रमण का मुख्य उद्देश्य बच्चों को बिहार की गौरवशाली ऐतिहासिक विरासत, संस्कृति और शिक्षा परंपरा से अवगत कराना है। भ्रमण के दौरान बच्चों ने विश्व प्रसिद्ध प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय के अवशेषों का अवलोकन किया और जाना कि किस प्रकार यह शिक्षा का वैश्विक केंद्र हुआ करता था। राजगीर में छात्रों ने शांति स्तूप, वेणुवन तथा गर्म जल कुंडों का भ्रमण कर उनके ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व को समझा।

भ्रमण के दौरान शिक्षकों ने प्रत्येक स्थल के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं पुरातात्विक महत्व की विस्तृत जानकारी बच्चों को दी और कहा कि किताबी ज्ञान के साथ-साथ ऐसे शैक्षणिक भ्रमण बच्चों के सर्वांगीण और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस तरह के कार्यक्रमों से बच्चों में अनुशासन, सहयोग और सामाजिक व्यवहार का भी विकास होता है। बच्चों ने बताया कि पुस्तकों में पढ़े गए ऐतिहासिक स्थलों को प्रत्यक्ष देखना उनके लिए एक अविस्मरणीय अनुभव रहा। पूरे यात्रा के दौरान बच्चे काफी खुश और उत्साहित दिखे।
शनिवार की सुबह प्रधानाध्यापक विवेक कुमार के नेतृत्व में परिभ्रमण यात्रा को रवाना हुआ। जिसमें विद्यालय के कूल 50 छात्र छात्राएं व उक्त विद्यालय के शिक्षक शामिल थे। उक्त विद्यालय के शिक्षक अजीत कुमार, सुमन कुमारी, रेणु कुमारी, वरदान, आशुतोष कुमार व कन्हैया कुमार शामिल थे।
