गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी विधानसभा क्षेत्र में इस बार का चुनावी परिणाम ऐतिहासिक रहा, जहाँ वामपंथियों का दशकों पुराना किला ढहते हुए लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के उम्मीदवार संजय पासवान ने शानदार जीत दर्ज की। अब नव–निर्वाचित विधायक को राज्य की नयी मंत्रिपरिषद में शामिल किए जाने की मांग क्षेत्र में जोर पकड़ने लगी है। भाजपा नेता सिधेश आर्य,बखरी व्यापार मंडल अध्यक्ष सुनील राय, लोजपा प्रखंड अध्यक्ष पंकज पासवान, जदयू प्रखंड अध्यक्ष बी.के. राय, जवाहर राय, निशांत वर्मा, अंकित सिंह सहित कई स्थानीय नेताओं ने कहा कि आजादी के बाद से बखरी को कभी भी राज्य मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व नहीं मिला, जबकि यह क्षेत्र दलित, वंचित, गरीब और पिछड़े वर्गों की बहुलता वाला इलाका है। नेताओं ने कहा कि लंबे समय तक कम्युनिस्ट, राजद और कांग्रेस के प्रतिनिधियों ने यहां की उपेक्षा की। विकास के नाम पर बखरी पिछड़ता ही रहा।
स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि बखरी से मंत्री बनते हैं तो लगभग तीन दशक पहले बने बखरी अनुमंडल के जिला में अपग्रेडेशन की संभावना को भी बल मिलेगा और इस दिशा में चल रहे प्रयासों को गति मिलेगी। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि लोजपा (रामविलास) के प्रदेश प्रधान महासचिव तथा पार्टी सुप्रीमो चिराग पासवान के करीबी होने का लाभ संजय पासवान को मिल सकता है। इससे उनके मंत्री बनने की संभावनाएं और मजबूत हो गई हैं। बखरी के लोगों को अब नए मंत्रिमंडल में अपने प्रतिनिधित्व की उम्मीद है, जिसके पूरा होने पर क्षेत्र के विकास का नया अध्याय शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।
