नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/ बेगुसराय
नावकोठी थाना क्षेत्र के पहसारा में मंगलवार को विद्युत स्पर्शाघात से एक मजदूर की मौत के बाद स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने तथा मृतक के परिजनों को जल्द मुआवजा देने की मांग उठाई है। इस संबंध में सर्वमंगला विद्या विहार के निदेशक सरोज झा, राजन झा समेत विद्यालय के शिक्षकों ने मंझौल अनुमंडल के विद्युत सहायक अभियंता से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से विद्यालय परिसर के समीप गुजर रहे 33 केवी विद्युत तार पर सुरक्षा कवच लगाने के साथ-साथ वहां लगे बिजली पोल को विद्यालय परिसर से हटाकर अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की गई। साथ ही विद्युत स्पर्शाघात की चपेट में आकर जान गंवाने वाले मिथुन कुमार के आश्रितों को अविलंब मुआवजा उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया गया।
विद्युत सहायक अभियंता ने त्वरित कार्रवाई का भरोसा देते हुए गुरुवार को तार पर सुरक्षा कवच लगाने तथा उसकी ऊंचाई बढ़ाने का आश्वासन दिया। वहीं पोल शिफ्टिंग के संबंध में उन्होंने बेगूसराय के कार्यपालक अभियंता से वार्ता करने की सलाह दी। मुआवजे के संबंध में उन्होंने कहा कि आवश्यक कागजात जल्द उपलब्ध करा दिए जाने पर विभागीय प्रक्रिया पूरी कर आश्रितों को शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कराया जाएगा।
इधर, चेरियाबरियारपुर विधायक अभिषेक आनंद ने भी बिजली विभाग के अधिकारियों से मुलाकात कर मृतक के परिजनों को जल्द से जल्द मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है। इस अवसर पर दिलीप कुमार, राजीव कुमार, सूरज कुमार, कन्हैया कुमार, मनोज झा, पन्नू पंडित सहित अन्य लोग मौजूद थे।


