गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/ बेगुसराय
वीरपुर थाना क्षेत्र के पर्रा गांव में बीपीएससी परीक्षा में सफलता नहीं मिलने से आहत एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान पर्रा निवासी रामसेवक महतो के 28 वर्षीय पुत्र रूपेश कुमार के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राजू रंजन कुमार एवं पुलिस पदाधिकारी ऋषिकेश भारद्वाज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया।
परिजनों एवं ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार की रात रूपेश खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने के लिए चला गया था। गुरुवार की सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को संदेह हुआ। इसके बाद वेंटिलेटर से झांककर देखा गया तो वह कमरे के अंदर फंदे से लटका हुआ था। यह देखकर परिवार में कोहराम मच गया।
ग्रामीणों के अनुसार हाल ही में घोषित बीपीएससी परीक्षा के परिणाम में रूपेश को सफलता नहीं मिली थी। इसके बाद से वह काफी उदास रहने लगा था और लोगों से कम बातचीत करता था। बताया जाता है कि बुधवार देर रात उसने बेडशीट का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।
इस संबंध में थानाध्यक्ष राजू रंजन कुमार ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के संबंध में स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा।
घटना की सूचना पर मुखिया अस्जद, पंचायत समिति सदस्य नवीन सिंह, सरपंच अनिल सिंह, ऋषभ कुमार, समाजसेवी धर्मेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे।


