गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी प्रखंड एवं नगर परिषद क्षेत्र में आगामी जनगणना को लेकर नियुक्त पर्यवेक्षकों और प्रगणकों के प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ गुरुवार से कर दिया गया है। प्रखंड क्षेत्र के शिक्षकों का प्रशिक्षण प्रखंड सभागार में, जबकि नगर क्षेत्र के शिक्षकों का प्रशिक्षण नगर सभागार में आयोजित किया जा रहा है।
बीडीओ सह चार्ज अधिकारी कुमार मुकेश ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रखंड क्षेत्र में कुल 177 एचएलबी (हाउस लिस्टिंग ब्लॉक) बनाए गए हैं। इसके लिए 168 प्रगणक और 28 पर्यवेक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी को पांच बैच में विभाजित कर तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके अलावा 10 प्रतिशत शिक्षकों को रिजर्व में भी रखा गया है, जिन्हें आवश्यकता पड़ने पर जनगणना कार्य में लगाया जाएगा।
वहीं नगर परिषद क्षेत्र के कार्यपालक पदाधिकारी सह चार्ज अधिकारी प्रफुल्लचंद्र ने बताया कि नगर क्षेत्र में कुल 98 एचएलबी ब्लॉक बनाए गए हैं। इसके लिए 98 प्रगणक और 16 पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है। साथ ही 10 प्रगणक और दो पर्यवेक्षकों को रिजर्व में रखा गया है। यहां भी तीन बैच में तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

प्रखंड क्षेत्र में प्रशिक्षक शंभू दास और रंजीत कुमार पासवान द्वारा पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जबकि नगर क्षेत्र में राजीव कुमार और शुभंकर कुमार शिक्षकों को प्रशिक्षण दे रहे हैं।
प्रशिक्षकों ने बताया कि जनगणना के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण (हाउस लिस्टिंग) का कार्य किया जाएगा, जिसके लिए शिक्षकों को विशेष रूप से प्रशिक्षित किया जा रहा है। इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जाएगी। इसके तहत सभी कर्मियों को अपने मोबाइल में एचएलओ एप डाउनलोड करने का निर्देश दिया गया है।
एप के माध्यम से कुल 34 प्रकार की जानकारियां एकत्र की जाएंगी। पहले चरण में मकानों का विवरण दर्ज किया जाएगा, जबकि दूसरे चरण में परिवार एवं व्यक्तियों से संबंधित 34 प्रकार की जानकारी लेकर जनगणना कार्य पूरा किया जाएगा। प्रशिक्षकों ने बताया कि सभी कार्य डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से ही किए जाएंगे, इसलिए प्रतिभागियों को बारीकी से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण सत्र में बड़ी संख्या में शिक्षकों ने भाग लिया।
