गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी प्रखंड परिसर स्थित बीआरसी भवन सभागार में बुधवार को जिला शिक्षा विभाग के तत्वावधान में वीडियो कांफ्रेंसिंग का आयोजन किया गया। इस बैठक में प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक शामिल हुए।
वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानाध्यापकों को बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के प्रभावी तरीकों की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि किस प्रकार बच्चों को प्रेरित कर खेल-खेल में पठन-पाठन कराया जाए, ताकि वे पढ़ाई में रुचि लें और उनकी सीखने की क्षमता विकसित हो।
बैठक में सभी विद्यालयों में अनुशासन बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही कंपोजिट ग्रांट की राशि के समुचित और पारदर्शी उपयोग के तरीके भी समझाए गए। विद्यालयों की आधारभूत संरचना को सुदृढ़ रखने और उनके सौंदर्यीकरण की स्थिति बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा एफएलएन (फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरसी) किट की उपलब्धता एवं उपयोग की स्थिति पर भी चर्चा की गई।इस अवसर पर प्रधानाध्यापक सुरेंद्र कुमार, कृष्ण कुमार चौधरी, दिलीप कुमार, दशरथ राय, राकेश कुमार, उमेश राम, प्रधान शिक्षक प्रदीप पटेल, वरुण राय, राजेश कुमार, दुलारचंद कुमार, जयंती कुमारी, रवि कुमार सहनी, अखिलेश कुमार, ब्रजेश कुमार, राज कुमार सहित बड़ी संख्या में प्रधान शिक्षक उपस्थित रहे।
