नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगूसराय
नावकोठी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत विष्णुपुर भगवती स्थान के प्रांगण में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा महायज्ञ का भव्य आयोजन किया गया।प्रथम दिन वृंदावन से पधारे प्रसिद्ध कथावाचक ब्रजराज दास जी महाराज ने व्यासपीठ से कथा का रसपान कराया।कथा के दौरान महाराज जी ने कहा कि भागवत कथा के श्रवण मात्र से मानव का कल्याण हो जाता है।यह कथा हमें जीवन जीने की कला सिखाती है।
उन्होंने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि मेरा-तेरा, छोटा-बड़ा,अपना- पराया,मन से मिटा दें।फिर सब आपका है और आप सबके हो।जब तक मन में भेदभाव रहेगा,तब तक शांति नहीं मिलेगी।कथावाचक ने भागवत कथा का सार बताते हुए कहा कि सहजता,सरलता और ईमानदारी से जीवन जीना ही भागवत कथा का मुख्य संदेश है।अहंकार त्यागकर प्रेम और सेवा भाव अपनाने से ही ईश्वर की प्राप्ति संभव है।
कलश यात्रा के साथ शुरू हुए इस यज्ञ में पहले दिन से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।भजन-कीर्तन और जयकारों से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।आयोजन समिति ने बताया कि कथा प्रतिदिन शाम 6 बजे से 11 बजे तक चलेगी।आयोजन में आसपास के गांवों से सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालु पहुंचे।
मौके पर मुखिया प्रभादेवी,पैक्स अध्यक्ष मनोहर महतो, अनिरुद्ध महतो, टुनटुन पोद्दार,अमित कुमार,सुरेंद्र पासवान, रोहित पोद्दार,चंदन पोद्दार आदि मौजूद थे।
