गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी प्रखंड क्षेत्र में शनिवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश ने भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को बड़ी राहत दी। सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और कुछ ही देर में तेज बारिश शुरू हो गई। लगातार हो रही बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया।
पिछले कई दिनों से प्रखंड क्षेत्र के लोग तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण परेशान थे। बारिश के बाद वातावरण में ठंडक घुल गई और लोगों ने राहत की सांस ली। किसानों के चेहरे भी खिल उठे हैं। उनका कहना है कि यह बारिश खरीफ फसलों की तैयारी के लिए लाभदायक साबित होगी तथा खेतों में नमी बढ़ने से कृषि कार्यों में सुविधा होगी।हालांकि लगातार बारिश के कारण कुछ निचले इलाकों और सड़कों पर जलजमाव की स्थिति भी देखने को मिली, जिससे आवागमन में लोगों को थोड़ी परेशानी हुई। बाजार आने-जाने वाले लोगों को बारिश से बचने के लिए दुकानों और अन्य सुरक्षित स्थानों पर शरण लेनी पड़ी।
मौसम में आए इस बदलाव से जहां आमजन को गर्मी से राहत मिली है, वहीं बच्चों और युवाओं ने भी बारिश का आनंद लिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इसी तरह मौसम अनुकूल बना रहा तो भीषण गर्मी से राहत मिलने के साथ-साथ खेती-किसानी के लिए भी यह फायदेमंद रहेगा। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक आसमान में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।
