गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके में पुलिस द्वारा सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कुल 25 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की गहन जांच की। बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, वाहन के आवश्यक कागजातों की कमी तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों को चिन्हित कर जुर्माना लगाया गया। कई वाहनों के कागजातों की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी की गई।
थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष रूप से यह अभियान चलाया गया है, ताकि नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि इस तरह का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, आवश्यक कागजात साथ रखें और सुरक्षित ड्राइविंग करें, ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
