नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगुसराय
नावकोठी प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों में मोहर्रम का पर्व शनिवार को पूरी श्रद्धा, आस्था और आपसी भाईचारे के साथ शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया। प्रशासन की सतर्क व्यवस्था और कुशल प्रबंधन के कारण सभी स्थानों पर ताजिया जुलूस निर्धारित समय पर निकाला गया। जुलूस के दौरान युवाओं ने पारंपरिक रक्षात्मक खेलों और विभिन्न हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन कर लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
विष्णुपुर, देवपुरा, समसा, नावकोठी, खैरबन, पीरनगर, पहसारा, वृंदावन, अब्बूपुर और छतौना समेत प्रखंड के विभिन्न गांवों में सभी समुदाय के लोगों ने आपसी सौहार्द के साथ मोहर्रम का पर्व मनाया। वहीं हसनपुर बागर, रजाकपुर सहित अन्य गांवों में यौमे आशूरा के अवसर पर लोगों ने रोजा रखकर हजरत इमाम हुसैन की शहादत को याद किया और अमन-चैन व खुशहाली के लिए दुआएं मांगी।
हर वर्ष की तरह इस बार भी विष्णुपुर और देवपुरा में ताजिया जुलूस का मुख्य आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। गाजे-बाजे के साथ निकले जुलूस में महिलाओं की टोली भी शामिल रही। पूरे मार्ग में लोगों का उत्साह और धार्मिक आस्था देखने लायक थी।
मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए थानाध्यक्ष मो. फिरदौस के नेतृत्व में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान विभिन्न इमामबाड़ों एवं जुलूस मार्गों पर लगातार निगरानी करते रहे। प्रशासन की मुस्तैदी और लोगों के सहयोग से पूरे प्रखंड में मोहर्रम का पर्व शांति, सौहार्द और भाईचारे के वातावरण में संपन्न हुआ।


