नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/ बेगुसराय
नावकोठी प्रखंड क्षेत्र में पिछले कई दिनों से आसमान में बादल छाने के बावजूद बारिश नहीं होने से किसानों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। गुरुवार और शुक्रवार की सुबह काले बादलों ने लोगों में बारिश की उम्मीद जरूर जगाई, लेकिन कुछ ही देर बाद तेज धूप निकल आई और मौसम फिर से गर्म हो गया। बारिश नहीं होने से खेतों की तैयारी और खरीफ फसलों की बुआई प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।
इस वर्ष आद्रा नक्षत्र में भी अच्छी बारिश नहीं होने से किसान मायूस हैं। समय पर वर्षा नहीं होने के कारण खेती-बाड़ी पर प्रतिकूल असर पड़ने की संभावना है। किसान आसमान की ओर टकटकी लगाए बारिश का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन मानसून की बेरुखी ने उनकी चिंता और बढ़ा दी है।
इधर लगातार पड़ रही चिलचिलाती धूप और उमसभरी गर्मी से आम जनजीवन भी प्रभावित हो गया है। गुरुवार को अधिकतम तापमान लगभग 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिससे दिनभर लोग गर्मी से बेहाल रहे। दोपहर के समय सड़कों और बाजारों में भीड़ भी अपेक्षाकृत कम देखने को मिली।
भीषण गर्मी के कारण लोगों का रुझान ठंडे पेय पदार्थों की ओर बढ़ गया है। बाजारों में कोल्ड ड्रिंक्स, आइसक्रीम, लस्सी, गन्ने का रस, नारियल पानी और शिकंजी की बिक्री में काफी बढ़ोतरी देखी जा रही है। वहीं किसान समय पर अच्छी बारिश होने की उम्मीद लगाए हुए हैं, ताकि खरीफ की खेती सुचारु रूप से शुरू हो सके और फसलों को नुकसान से बचाया जा सके।

