गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/ बेगुसराय
वीरपुर प्रखंड के सभी प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों में 7 जुलाई से 13 जुलाई तक आयोजित होने वाली प्रथम त्रैमासिक परीक्षा को लेकर शिक्षा विभाग ने आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। विभागीय आदेश के अनुसार इस अवधि में प्रखंड के सभी प्रारंभिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के सभी प्रकार के अवकाश रद्द कर दिए गए हैं।
इस संबंध में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) राम उदय महतो ने पत्र जारी करते हुए कहा है कि परीक्षा के दौरान शिक्षकों के अवकाश पर रहने से परीक्षा संचालन प्रभावित हो सकता है। इसे देखते हुए सभी शिक्षकों के अवकाश पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी शिक्षक को विशेष परिस्थितियों में अवकाश की आवश्यकता होती है, तो उन्हें प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी से पूर्व अनुमति प्राप्त करनी होगी। अनुमति मिलने के बाद ही अवकाश स्वीकृत किया जाएगा। विभाग ने सभी विद्यालयों को निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा है।

