गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी क्षेत्र में विद्या की देवी माँ सरस्वती की पूजा को लेकर तैयारियाँ पूरे जोर-शोर से चल रही हैं। पूजा की तिथि नजदीक आते ही क्षेत्र के मूर्तिकारों की कार्यशालाओं में दिन-रात मेहनत कर आकर्षक और भव्य प्रतिमाएँ तैयार की जा रही हैं।जयलख निवासी प्रख्यात मूर्तिकार राम विलास पंडित के यहाँ इन दिनों प्रतिमा निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है। उनके द्वारा बनाई जा रही प्रतिमाएँ अपनी कलात्मकता, सजीवता और पारंपरिक स्वरूप के कारण लोगों को आकर्षित कर रही हैं।
मूर्तिकार राम विलास पंडित ने बताया कि इस वर्ष प्रतिमाओं को पूरी तरह शास्त्रीय एवं पारंपरिक शैली में तैयार किया जा रहा है। प्रतिमा में माँ सरस्वती के मुख-मंडल की सौम्यता, वीणा, हंस और आभूषणों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान आध्यात्मिक शांति और दिव्यता का अनुभव हो।
उन्होंने बताया कि पहले मिट्टी की शुद्धता, मजबूत ढांचा और संतुलित आकार पर काम किया जाता है, उसके बाद रंग-रोगन और सजावट की जाती है। पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए प्राकृतिक रंगों का भी उपयोग किया जा रहा है। प्रतिमाओं की समय पर आपूर्ति के लिए मूर्तिकारों और कारीगरों की टीम दिन-रात जुटी हुई है।
