गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी अनुमंडल क्षेत्र के विकास एवं आम लोगों की बेहतर आवाजाही को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा, बिहार के प्रदेश महामंत्री एवं बखरी नगर के पूर्व पार्षद नीरज नवीन ने बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री ई. कुमार शैलेन्द्र को मांग पत्र सौंपकर क्षेत्र की तीन महत्वपूर्ण सड़कों के चौड़ीकरण एवं टू-लेन निर्माण की मांग की है।
अपने ज्ञापन में नीरज नवीन ने कहा कि बखरी अनुमंडल की कई प्रमुख सड़कें वर्तमान में काफी संकीर्ण और जर्जर स्थिति में हैं, जिससे आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। इन सड़कों पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों का परिचालन होता है। साथ ही ये मार्ग व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य जरूरी सेवाओं के लिए भी काफी महत्वपूर्ण हैं।
उन्होंने बताया कि बखरी क्षेत्र का संपर्क बेगूसराय, खगड़िया, समस्तीपुर समेत कई जिलों से जुड़ा हुआ है। ऐसे में लगातार बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए इन सड़कों का चौड़ीकरण कर टू-लेन सड़क के रूप में विकसित किया जाना जरूरी हो गया है।
नीरज नवीन ने जिन सड़कों के चौड़ीकरण एवं टू-लेन निर्माण की मांग की है, उनमें बखरी-खगड़िया मार्ग (28 किलोमीटर), बखरी-गढ़पुरा मार्ग (11 किलोमीटर) तथा बखरी-मंझौल मार्ग (16 किलोमीटर) शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि इन सड़कों के टू-लेन बनने से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और व्यापारिक, शैक्षणिक व सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे पूरे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने बिहार सरकार से जनहित में इन महत्वपूर्ण सड़कों के चौड़ीकरण एवं टू-लेन निर्माण की स्वीकृति देकर जल्द कार्य शुरू कराने की मांग की, ताकि बखरी अनुमंडल सहित आसपास के क्षेत्रों की जनता को बेहतर और सुरक्षित यातायात सुविधा मिल सके।
इस अवसर पर अभिजीत आनंद, मनीष चौहान, राजन सहित अन्य लोग मौजूद थे।
