नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता बेगूसराय
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) उत्तर बेगूसराय की मंझौल नगर इकाई द्वारा गुरुवार को राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर एएनएम ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट, मंझौल में पुष्पांजलि एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व विभाग छात्रा प्रमुख पूजा कुमारी, सोनी कुमारी एवं आरुषी कुमारी ने किया।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए छात्र नेता कन्हैया कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस केवल एक स्थापना दिवस नहीं, बल्कि छात्रों के अधिकार, राष्ट्र निर्माण और शिक्षा के क्षेत्र में युवाओं की भूमिका को याद करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी समाज का सबसे ऊर्जावान, जागरूक और परिवर्तनकारी वर्ग होता है। यदि युवा सकारात्मक सोच और सही दिशा में आगे बढ़ें तो देश के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है।
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अमित कुमार सिंह ‘गप्पू’ एवं उत्तर बिहार प्रांत के विशेष आमंत्रित सदस्य श्वेतनिशा ने कहा कि 9 जुलाई 1949 को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की स्थापना हुई थी। तब से संगठन ज्ञान, शील और एकता के मूलमंत्र के साथ छात्र हितों और राष्ट्रहित के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस छात्रों के आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के प्रति उनकी जिम्मेदारियों का प्रतीक है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद सब-इंस्पेक्टर रितिका कुमारी तथा छात्र नेता रवि कुमार ने कहा कि विद्यार्थी जीवन केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह चरित्र निर्माण, अनुशासन, संस्कार और जिम्मेदार नागरिक बनने की सबसे महत्वपूर्ण अवस्था है। शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज के प्रति संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक तैयार करना भी है।
शिक्षक कार्यकर्ता अभिनव कुमार, रितिका रानी एवं डेजी कुमारी ने विद्यार्थियों से अपनी ऊर्जा का उपयोग सकारात्मक और रचनात्मक कार्यों में करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तकनीकी और डिजिटल युग में युवाओं को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए, ताकि वे समाज में बेहतर बदलाव ला सकें।
कार्यक्रम में अर्जुन कुमार, अमित कुमार सिंह गप्पू, रवि कुमार, कन्हैया कुमार, रविराज सिंह, अविनाश कुमार, प्रियांशु कुमार गोलू, पूजा कुमारी, अंजली कुमारी, डीजे कुमारी, आयुषी कुमारी, सोनी, रानी, श्यामली, राजनंदनी, सोनम, स्वाती, मुस्कान कुमारी, रितिका रानी, निशु कुमारी सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं एवं एबीवीपी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


