नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगुसराय
नावकोठी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के पूर्व स्थित एक खेत से मंगलवार को एक नवजात बच्ची का शव बरामद होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। काफी प्रयास के बावजूद नवजात की पहचान नहीं हो सकी।
खेत में नवजात का शव मिलने की घटना से स्थानीय लोग स्तब्ध हैं। लोगों का कहना है कि यह घटना मानवता को झकझोर देने वाली है। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि जन्म के बाद किसी अज्ञात व्यक्ति ने रात के अंधेरे में नवजात के शव को लाकर खेत में फेंक दिया होगा। हालांकि, पुलिस ने अभी इस संबंध में किसी भी संभावना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजीव रंजन चौधरी ने बताया कि सोमवार रात से मंगलवार दिन तक पीएचसी में किसी भी मृत शिशु का जन्म नहीं हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बरामद नवजात का अस्पताल से कोई संबंध नहीं है।
घटना की सूचना मिलते ही नावकोठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष मो. फिरदौस ने बताया कि पुलिस नवजात की पहचान करने के साथ-साथ यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शव को खेत में कौन और किन परिस्थितियों में फेंककर गया। इसके लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा मामले की गहन जांच जारी है।


