गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/ बेगुसराय
मानसून की पहली ही बारिश ने वीरपुर की सड़कों की बदहाल स्थिति की पोल खोल दी है। सड़क पर घुटने भर पानी जमा होने से वीरपुर सहित आसपास के करीब 20 से 25 गांवों के लोगों में दुर्घटना की आशंका को लेकर भय का माहौल बना हुआ है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार वीरपुर पीएचसी रोड, वीरपुर–पकठौल रोड तथा वीरपुर–बथौली ढाला रोड पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भर जाने से यह पहचानना मुश्किल हो जाता है कि सड़क में गड्ढा है या गड्ढे में सड़क। ऐसे में अनजान राहगीर, बाइक सवार, ई-रिक्शा चालक और छोटे चारपहिया वाहन चालक अक्सर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। कई लोगों के हाथ-पैर टूट चुके हैं, जबकि कई घायल भी हुए हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि सबसे अधिक परेशानी स्कूली छात्र-छात्राओं को होती है। विद्यालय आने-जाने के दौरान तेज रफ्तार से गुजरने वाले वाहन गंदा पानी और कीचड़ उछाल देते हैं, जिससे उनके कपड़े खराब हो जाते हैं। कई बार इस बात को लेकर राहगीरों और स्थानीय लोगों के बीच विवाद की स्थिति भी बन जाती है।
शुक्रवार को ढेलफेक्का गोसाईं के समीप जलजमाव के कारण एक बाइक सवार दंपति सड़क पर गिर गए। इस दौरान आसपास खड़े लोगों पर भी बदबूदार कीचड़ उछल गया। इससे नाराज कुछ लोगों ने बाइक चालक के साथ मारपीट भी कर दी।
स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से इस समस्या को लेकर जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया है। सांसद और विधायक को भी लिखित आवेदन दिया गया, लेकिन अब तक सड़क और जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि बरसात के दिनों में लोगों को राहत मिल सके।


