नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/ बेगुसराय
नावकोठी प्रखंड क्षेत्र के एपीएस +2 विद्यालय के सभागार में मंगलवार को इको क्लब फॉर मिशन लाइफ के तहत विविध गतिविधियों के संचालन एवं इको क्लब के पुनर्गठन को लेकर सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और नोडल शिक्षकों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मेघा वर्मा ने की। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इसका उद्देश्य कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, सतत जीवनशैली और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। इसके तहत प्रत्येक विद्यालय में इको क्लब का गठन किया जाएगा।
मास्टर ट्रेनर कुमुद रंजन एवं अमित कुमार ने इको क्लब के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए विद्यालयों में इको क्लब की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को पौधारोपण, जल संरक्षण, कचरा प्रबंधन, ऊर्जा संरक्षण और स्वच्छता जैसी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा। इससे बच्चों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता बढ़ेगी और वे जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने आसपास के वातावरण को सुरक्षित रखने में योगदान देंगे।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत सभी विद्यालयों का पंजीकरण इको क्लब फॉर मिशन लाइफ पोर्टल पर कराया जाएगा। सरकारी विद्यालयों में पौधारोपण अब केवल औपचारिकता नहीं रहेगा, बल्कि छात्र अपनी मां की उपस्थिति में एक पौधा लगाएंगे। पौधारोपण के बाद जियो-टैगिंग युक्त फोटो पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा।
प्रभारी बीईओ मेघा वर्मा ने बताया कि इको क्लब की गतिविधियों के संचालन के लिए प्राथमिक विद्यालयों को 5 हजार रुपये, मध्य विद्यालयों को 10 हजार रुपये तथा उच्च विद्यालयों को 25 हजार रुपये की राशि उपलब्ध कराई जाती है। इस राशि का उपयोग पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों के संचालन में किया जाएगा।
प्रशिक्षण कार्यशाला में गणेश झा, अरुण कुमार, नंदकिशोर पंडित, राजेश कुमार, शंभु महतो, हर्षवर्धन कुमार, मो. आदिल सरवर, पूनम कुमारी, मनोज कुमार मिश्र, ममता कुमारी, मनटुन महतो, नासरीन परवीन, शकील अहमद बेग, नागेंद्र प्रताप, चंदन कुमार, कुनाल कुमार, चक्रधर कुमार, संजीत कुमार, प्रेरणा, रमण कुमार, दिलीप कुमार, रविशंकर, राजकुमार सिंह, रेणुका रानी, कमल रंजन, अजीत कुमार, मृदुला कुमारी, नीतू कुमारी, कुमारी अर्चना भारती, अशोक कुमार शर्मा, डाटा एंट्री ऑपरेटर नवनीत कुमार सहित विभिन्न विद्यालयों के नामित शिक्षक उपस्थित रहे।


