गर्मी में छात्रों को हो रही भारी परेशानी, बिजली विभाग से शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
विजय भारती ब्यूरो AV भारत न्युज बेगुसराय
भीषण गर्मी के बीच भगवानपुर प्रखंड क्षेत्र स्थित मध्य विद्यालय मल्हीपुर के छात्र 11 जून 2026 से अंधेरे में पढ़ाई करने को मजबूर हैं। विद्यालय में पिछले 13 दिनों से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है, जिससे पठन-पाठन के साथ-साथ पीने के पानी की व्यवस्था भी बाधित हो गई है। इतना ही नहीं मध्याह्न भोजन योजना भी पानी के अभाव में प्रभावित हो रहा है।बिजली नहीं होने के कारण स्कूल में लगे वाटर मोटर और पंखे बंद पड़े हैं। इस उमस भरी गर्मी में बिना बिजली-पानी के बच्चों और शिक्षकों को कक्षाओं में बैठना मुश्किल हो रहा है। शैक्षणिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रकाश रंजन राय ने बताया कि इस समस्या की जानकारी बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर और एसडीओ को फोन पर कई बार दी, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। 24 जून तक विभाग की ओर से मरम्मत या वैकल्पिक व्यवस्था के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया है।
विदित हो कि इस क्षेत्र में बिजली विभाग की मनमानी के कारण बिजली ठीक से उपभोक्ताओं को नहीं मिल रहा है, संबंधित कर्मी फोन या तो बंद रखते हैं या फिर फोन रिसीव नहीं करते हैं। संयोग से फोन उठा लिया तो समस्या सुनने के बाद अनसुना कर देते हैं। क्षेत्र के लिए बिजली विभाग के मनमानी से आम उपभोक्ता भी परेशान हैं।
अभिभावकों और ग्रामीणों ने बिजली विभाग और शिक्षा विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि वे मामले को गंभीरता से लें और अविलंब बिजली आपूर्ति बहाल कराएं। उन्होंने कहा कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

