विजय भारती ब्यूरो
तेज रफ्तार वाहन क्षतिग्रस्त, चालक वाहन लेकर फरार; स्थानीय लोगों ने चेतावनी संकेतक लगाने की मांग की
शनिवार दोपहर अतरुआ पुल पर लगा हाइट गेज एक तेज रफ्तार मालवाहक की चपेट में आकर पूरी तरह ध्वस्त हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लोहे का ऊपरी स्ट्रक्चर टूटकर करीब 30 फीट दूर जा गिरा। गनीमत रही कि उस समय पुल पर कोई दूसरा वाहन या पैदल यात्री नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना शनिवार दोपहर करीब 3 बजे की है। बनवारीपुर की ओर से आ रहा एक मालवाहक वाहन जिसपर सामान लोड था तेज गति से पुल पर चढ़ने जा रहा था
जो पुल कुछ दूर पहले बने हाइट गेज से सीधे टकरा गया। टक्कर से वाहन और उस पर लदा गोदरेज अलमारी समेत अन्य सामान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद प्रशासन के भय से चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुल पर लगा हाइट गेज जड़ से पुरी तरह हिल गया तथा ऊपरी भाग टूटकर सड़क पर बिखर गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वाहन की रफ्तार को देखकर उसे रोकने के लिए लोगों ने हाथ का इशारा भी किया लेकिन चालक वाहन की रफ्तार में कमी नहीं की। जिससे यह घटना हुई।

स्थानीय लोगों ने बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है। रात के समय कई बाहरी वाहन पहले भी इस हाइट गेज से टकरा चुके हैं। स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी है, लेकिन बाहर से आने वाले चालकों को हाइट गेज की जानकारी न होने के कारण वे रफ्तार कम नहीं करते और दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं।स्थानीय बुद्धिजीवी मो. कमाल हसन ने कहा कि हाइट गेज पर फ्लेक्सिबल लाइट लगी होनी चाहिए, लेकिन शनिवार की घटना तो दिन में हुई है।
उन्होंने मांग की कि हाइट गेज से कुछ दूरी पहले ही बड़ा इंडिकेटर/साइनबोर्ड लगाया जाए ताकि चालकों को पहले से सूचना मिल सके और वे गति धीमी कर सकें। हाइट गेज पुल के दोनों ओर कुछ दूरी पर बना हुआ है।ग्रामीणों और दुकानदारों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त हाइट गेज को तुरंत ठीक कराने और पुल पर पर्याप्त चेतावनी संकेतक लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
