गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
रविवार को प्रशासन द्वारा अतिक्रमणकारियों के खिलाफ सघन अभियान चलाया गया। इस दौरान नगर के मुख्य पथ पर आशा पोखर चौक से अंबेदकर चौक तक सड़क के दोनों किनारों से अतिक्रमण हटाया गया।अभियान का नेतृत्व राजस्व अधिकारी सह मजिस्ट्रेट सचिन कुमार कर रहे थे। उनके साथ नगर परिषद की सिटी मैनेजर रागनी कुमारी, स्वच्छता अधिकारी रंजीत कुमार, सीएलपीसी अजय कुमार, थानाध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार, पुअनि मनीष कुमार पंडित, सुजीत कुमार सहित पुलिस बल एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।
प्रशासन द्वारा निर्धारित समय के अनुसार अभियान की शुरुआत सुबह आठ बजे से की गई। इससे पूर्व शनिवार देर रात कई दुकानदारों ने स्वयं ही सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जे से अपने-अपने सामान हटा लिए थे।
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के कारण पूरे दिन मुख्य बाजार में गहमागहमी का माहौल बना रहा और लोगों की भीड़ देखने को उमड़ती रही। समाचार प्रेषण तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी थी।
इस संबंध में एसडीओ सन्नी कुमार सौरव ने बताया कि आशा पोखर स्थित फरकिया बस स्टैंड चौक से अंबेदकर चौक तक सड़क के दोनों तरफ अतिक्रमण हटाया गया। अभियान के दौरान दुकानों के बाहर नाला एवं सड़क पर सामान फैलाकर व्यवसाय करने वालों को हटाया गया। साथ ही बाजार स्थित सब्जी मंडी, पुरानी थाना चौक, बैंक ऑफ इंडिया, सेंट्रल बैंक सहित पूरे मार्केट क्षेत्र में सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। सड़क पर लगे ठेला-खोमचा वालों को भी हटाया गया। वहीं अभियान के दौरान बाजार के कुछ स्थानों पर प्रशासन और दुकानदारों के बीच हल्की नोकझोंक भी देखने को मिली।
