
गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी के नवनिर्मित डिग्री महाविद्यालय में अब तक नामांकन प्रक्रिया शुरू नहीं होने से नाराज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को आक्रोश मार्च निकालकर विरोध-प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने अंबेडकर चौक से मार्च की शुरुआत की और हाथों में तख्तियां तथा बैनर लेकर नारेबाजी करते हुए प्रखंड कार्यालय पहुंचे।
प्रखंड कार्यालय परिसर में पहुंचने के बाद अभाविप कार्यकर्ता महाविद्यालय में शीघ्र नामांकन प्रक्रिया शुरू करने की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठ गए। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की। साथ ही सांसद एवं संबंधित मंत्री के खिलाफ भी विरोध दर्ज कराया।

छात्र नेताओं का कहना था कि डिग्री महाविद्यालय का निर्माण हो जाने के बावजूद नामांकन शुरू नहीं होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने प्रशासन और सरकार से जल्द से जल्द नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ करने की मांग की, ताकि स्थानीय छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़े।
आंदोलन में अभाविप के जिला संयोजक अनुभव आनंद, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रविन्द्र कुमार, नगर मंत्री सौरभ कुमार, नगर अध्यक्ष अशोक प्रियदर्शी, उपाध्यक्ष भास्कर जायसवाल, पूर्व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रिंस सिंह परमार, मनीष कुमार, पूर्व नगर अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, अजय सान्याल, जयशंकर जायसवाल, राजेश राज, समीर श्रवण, भोला चौधरी, नगर सहमंत्री पुष्पम कुमार, रोहित केशरी, अनुराग केशरी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं अभाविप कार्यकर्ता मौजूद रहे।

