गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगुसराय
वीरपुर प्रखंड क्षेत्र के भवानंदपुर निवासी साहित्यकार ज़ियाउर रहमान जाफरी की बाल कविता पांडुलिपि को प्रकाशित करने के लिए बिहार सरकार के मंत्रिमंडल सचिवालय ने 18,600 रुपये का अनुदान स्वीकृत किया है। इस संबंध में मंत्रिमंडल सचिवालय के निदेशक एस.एम. परवेज आलम ने पत्र के माध्यम से उन्हें सूचना दी।
गौरतलब है कि बिहार सरकार का मंत्रिमंडल सचिवालय चयनित लेखकों की उत्कृष्ट पांडुलिपियों के प्रकाशन के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान करता है। इस योजना के तहत अनुदान प्राप्त होने के छह माह के भीतर पुस्तक का प्रकाशन करना अनिवार्य होता है।
जाफरी की चयनित पुस्तक “चलें चाँद पर पिकनिक करने” बाल कविताओं का एक संग्रह है, जिसमें सौ से अधिक कविताएं शामिल हैं। इन कविताओं की खासियत यह है कि वे बच्चों की सहज भाषा में ज्ञान-विज्ञान और देश-दुनिया से जुड़ी महत्वपूर्ण बातों को सरल तरीके से प्रस्तुत करती हैं। संग्रह में साफ-सफाई, जल संकट, बिजली, कंप्यूटर और साइबर क्राइम जैसे समकालीन विषयों पर भी रोचक ढंग से कविताएं लिखी गई हैं।
यह जाफरी की बाल कविता की चौथी पुस्तक है। इसके अलावा हिंदी ग़ज़ल और आलोचना के क्षेत्र में भी उनकी कई महत्वपूर्ण पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं, जिनमें ग़ज़ल लेखन परंपरा, हिंदी ग़ज़ल: महत्व और मूल्यांकन तथा हिंदी ग़ज़ल: विचार और विस्तार प्रमुख हैं।
उल्लेखनीय है कि उनकी बाल कविताएं नासिक के पाठ्यक्रम में शामिल की जा चुकी हैं, वहीं ग़ज़ल आलोचना पर लिखी उनकी पुस्तक को गुजरात यूनिवर्सिटी ने अपने पूरक पाठ्यक्रम में स्थान दिया है।
