
गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगुसराय
जिले के चर्चित वीरपुर गांव में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के अवसर पर पिछले सौ वर्षों से भी अधिक समय से श्रीराधा रानी एवं भगवान श्रीकृष्ण के विभिन्न स्वरूपों की प्रतिमाओं की वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा-अर्चना कर भव्य मेले का आयोजन किया जाता रहा है। इस ऐतिहासिक परंपरा को और अधिक आकर्षक एवं भव्य स्वरूप देने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
इसी को लेकर जन प्रेरणा समिति की बैठक समिति के अध्यक्ष अमित कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में इस वर्ष मेले को पहले से अधिक भव्य और आकर्षक बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस बार मेले का मुख्य तोरण द्वार एवं पंडाल ओडिशा के प्रसिद्ध जगन्नाथ मंदिर की तर्ज पर तैयार कराया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को एक अलग धार्मिक एवं सांस्कृतिक अनुभूति मिल सके।

बैठक में यह भी तय किया गया कि मेले में स्थापित होने वाली प्रतिमाओं, पंडाल और सजावट को विशेष रूप से आकर्षक बनाया जाएगा। वहीं श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पूरे मेला परिसर में दो दर्जन से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिससे मेले की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा सके। इसके अलावा बेहतर प्रकाश व्यवस्था, आधुनिक सजावट तथा मनोरंजन के विभिन्न संसाधनों की भी समुचित व्यवस्था की जाएगी।
समिति के सदस्यों ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इसे देखते हुए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। बैठक में समिति के दर्जनों कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित थे।

