गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी थाना कांड संख्या 66/25 में दर्ज अपहरण मामले का सफल उद्भेदन करते हुए बखरी पुलिस ने अपहृत युवती (काल्पनिक नाम– खुशी कुमारी) को राजस्थान से सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी गोढ़ियारी निवासी शंभू पासवान के पुत्र बादल कुमार को भी राजस्थान के दौसा जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित सेथल पुलिया के समीप से गिरफ्तार किया है।
थानाध्यक्ष अरविंद कुमार यादव ने बताया कि अपहरण की प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी एवं मानवीय सूचनाओं के आधार पर लगातार जांच शुरू की। जांच के क्रम में आरोपी के राजस्थान में छिपे होने की जानकारी मिली। इसके बाद उसकी गिरफ्तारी एवं अपहृता की बरामदगी के लिए एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की गई छापेमारी के आधार पर राजस्थान पहुंचकर अपहृत युवती को सकुशल बरामद कर लिया तथा मुख्य आरोपी बादल कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि बरामद युवती को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया एवं बयान दर्ज कराने के लिए भेजा गया है।
उन्होंने बताया कि इस पूरे अभियान का नेतृत्व विक्रम चौधरी ने किया। उनके नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सूझबूझ, तकनीकी अनुसंधान और लगातार की गई कार्रवाई के बल पर इस मामले का सफल उद्भेदन किया।


