गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
हैदराबाद में काम करने गए बेगूसराय जिले के बखरी नगर परिषद क्षेत्र के पांच मजदूर गैस सिलेंडर विस्फोट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में अफरा-तफरी और चिंता का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार नगर परिषद बखरी के नोनिया टोला निवासी श्याम महतो के पुत्र गुड्डू कुमार, हरि महतो के पुत्र संदीप कुमार, गोवर्धन महतो के पुत्र धर्मनाथ महतो, पवन महतो के पुत्र राजेश महतो तथा गरीब महतो के पुत्र गंगाराम हैदराबाद स्थित एक गैस एजेंसी में मजदूरी का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर में विस्फोट हो गया।
हादसे में बखरी के पांचों मजदूरों समेत वहां कार्यरत कई अन्य मजदूर भी गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि कुछ मजदूरों की हालत गंभीर बनी हुई है।हादसे की सूचना जैसे ही बखरी पहुंची, घायलों के परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजन आनन-फानन में हैदराबाद के लिए रवाना हो गए हैं। पूरे इलाके में घटना को लेकर चिंता का माहौल है और लोग घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।फिलहाल गैस सिलेंडर विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। स्थानीय प्रशासन मामले की जांच में जुटा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के कारणों का खुलासा हो सकेगा।


