गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
महिलाओं के विरुद्ध हिंसा से पीड़ित महिलाओं को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से सखी वन स्टॉप सेंटर, बखरी की केंद्र प्रशासक ब्यूटी कुमारी एवं उनकी टीम ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुंदन कुमार से शिष्टाचार मुलाकात की। मुलाकात के दौरान केंद्र प्रशासक ने वन स्टॉप सेंटर योजना के उद्देश्य, कार्यप्रणाली एवं महिलाओं को उपलब्ध कराई जाने वाली विभिन्न सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्र के माध्यम से हिंसा से प्रभावित महिलाओं को मनोसामाजिक परामर्श, चिकित्सा सहायता, विधिक सहायता, पुलिस समन्वय, अस्थायी आश्रय सहित अन्य आवश्यक सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाती हैं।
इस अवसर पर महिला हेल्पलाइन एवं 181 हेल्पलाइन की उपयोगिता और सेवाओं की भी जानकारी साझा की गई। साथ ही अनुमंडल स्तर पर वन स्टॉप सेंटर और पुलिस-प्रशासन के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित कर पीड़ित महिलाओं को शीघ्र एवं बेहतर सहायता उपलब्ध कराने में सहयोग का अनुरोध किया गया।
एसडीपीओ कुंदन कुमार ने महिलाओं की सुरक्षा एवं सहायता से जुड़े मामलों में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि ऐसे मामलों में पुलिस और संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे, ताकि पीड़ित महिलाओं को समय पर न्याय एवं आवश्यक सहायता मिल सके।मौके पर सखी वन स्टॉप सेंटर के कार्यालय सहायक रणवीर पाठक सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित थे।


