नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगूसराय
नावकोठी प्रखंड क्षेत्र में सोमवार को सावन के प्रथम सोमवार और नागपंचमी का दुर्लभ महासंयोग बनने जा रहा है। इस विशेष अवसर को लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह है। शिवालयों और भगवती स्थानों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है तथा पूजा-अर्चना की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
पंडित रतीश मिश्रा ने बताया कि इस वर्ष सावन का पहला सोमवार और नागपंचमी एक ही दिन पड़ने से इसका धार्मिक महत्व कई गुना बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन, रुद्राभिषेक और जलाभिषेक करने के साथ नाग देवता की पूजा करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है।
उन्होंने बताया कि नागपंचमी के दिन नाग देवता की पूजा करने और भगवान शिव का व्रत रखने से संतान सुख, सुख-समृद्धि तथा मनोकामनाओं की पूर्ति का आशीर्वाद प्राप्त होता है। इसे शिव आराधना और नाग पूजन के लिए अत्यंत शुभ एवं फलदायी संयोग माना गया है।
सावन के प्रथम सोमवार को लेकर क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की संभावना है। वहीं नागपंचमी पूजा को लेकर भगवती स्थानों में भी विशेष तैयारियां की गई हैं, ताकि श्रद्धालु विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर सकें।


