नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता बेगूसराय
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में “नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत-संकल्प अभियान” के तहत रविवार को जी.डी. कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं युवाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने उपस्थित छात्र-छात्राओं और युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। यदि युवा नशे से दूर रहेंगे, तो विकसित भारत का संकल्प निश्चित रूप से साकार होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू किया गया “नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत-संकल्प अभियान” केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा राष्ट्रीय अभियान है।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत अगले 100 सप्ताह तक देशभर में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया जा सके और समाज में नशामुक्ति को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा सके।
सहकारिता मंत्री ने कहा कि बिहार इस दिशा में पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा लागू की गई शराबबंदी सामाजिक सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम था। वहीं वर्तमान में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सरकार नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जागरूकता अभियान, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में विशेष कार्यक्रम तथा नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों के माध्यम से लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने युवाओं से नशे, मोबाइल के अत्यधिक उपयोग और गलत संगत से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि भविष्य नशे से नहीं, बल्कि शिक्षा, मेहनत, खेल, अनुशासन और कौशल से बनता है। उन्होंने युवाओं से अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने तथा अपने माता-पिता, समाज और देश का नाम रोशन करने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं एवं युवाओं ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार वर्मा, भाजपा शिक्षक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक डॉ. शशिकांत पांडेय, जी.डी. कॉलेज के प्राचार्य, पुलिस अधीक्षक मनीष, डीडीसी आकाश चौधरी, डीसीएलआर अभिषेक राज सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।


