नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगुसराय
नावकोठी प्रखंड मुख्यालय में रविवार को कांग्रेस विचारधारा से जुड़े विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संगठन प्रभारी सुमन जीत सुमन ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष रजनीकांत पाठक ने कहा कि केंद्र सरकार के मंत्रियों के ढुलमुल रवैये के कारण देश में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इसके साथ ही छात्रों पर बढ़ती फीस का बोझ और उनके साथ हो रहे अन्याय को लेकर युवाओं में आक्रोश है। उन्होंने बताया कि इन मुद्दों के विरोध में 15 जुलाई को पटना में राहुल गांधी के नेतृत्व में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नीट, बीपीएससी, टीईटी सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक के खिलाफ अब छात्र-छात्राओं को सड़क से लेकर सदन तक अपनी आवाज बुलंद करनी होगी। शिक्षा के निजीकरण और लगातार बढ़ रही फीस को छात्र हितों के खिलाफ बताते हुए उन्होंने पेपर लीक के दोषियों, पेपर माफिया और जिम्मेदार मंत्रियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। उनका कहना था कि जब तक छात्रों के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ पर रोक नहीं लगेगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
रजनीकांत पाठक ने कहा कि पटना में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम सरकार का ध्यान छात्रों की समस्याओं की ओर आकर्षित करेगा। उन्होंने अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं से कार्यक्रम में भाग लेकर इसे सफल बनाने की अपील की।
बैठक में निशा शर्मा, मंजु देवी, बलवीर शर्मा, अमित शर्मा, बीणा देवी, गुड़िया देवी सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के दर्जनों छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।


