अशोक कुमार ठाकुर AV भारत न्यूज संवाददाता
गंदा पानी के दुर्गंध से परेशानी , नगर परिषद लाचार
नगर परिषद तेघड़ा के वार्ड 5 और 19 में जलजमाव से संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है। तेघड़ा के ऐतिहासिक मुख्तार मैदान आज नरक में तब्दील है।लगातार जलजमाव की स्थिति बनी रहती है, जिससे सैकड़ो स्थानीय निवासियों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। हल्की बारिश होते ही पानी घरों के सामने जमा हो जाता है। इस कारण लोगों को घर से बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है। स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को तो और भी अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय निवासी पवन पासवान एवं प्रधानाध्यापक मंजर सयान सहित कई लोगों ने बताया कि बारिश का गंदा पानी महीनों तक जमा रहता है, जिससे न केवल दुर्गंध फैलती है बल्कि मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। लोगों को मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया और अन्य बीमारियों का डर सता रहा है। वहीं वार्ड संख्या 19 में आरा मिल से लेकर दनियालपुर मोर तक सड़क पर जलजमाव के

कारण लोगों के जीवन में भारी बाधा उत्पन्न हो गई है। नाले के पानी की बहाव जल निकासी नहीं होने के कारण बारिश के साथ मिल जाने से पानी दुर्गंध देती है। नाले का लेयर नीचे होने से हर हमेशा गंदा पानी सड़क पर बहता है। जिससे छोटे बच्चों का स्कूल जाना मुश्किल हो जाता है, क्योंकि पानी भरी सड़कों से होकर गुजरना उनके लिए असुरक्षित है। कई बार बच्चे गिरकर चोटिल हो जाते हैं। कामकाजी लोगों को भी ऑफिस या बाजार तक पहुंचने में परेशानी होती है। महिलाओं को सब्जी, दूध और अन्य आवश्यक सामान लाने-ले जाने में दिक्कतें उठानी पड़ती है।
लंबे समय तक जलजमाव से वातावरण दूषित:
गंदे पानी के लंबे समय तक जमा रहने से पूरे क्षेत्र का वातावरण दूषित हो गया है। बदबू और गंदगी के कारण लोगों का सांस लेना भी मुश्किल हो जाता है। मच्छर और कीड़े़-मकोड़े बड़ी संख्या में पनपने लगे हैं। जिससे बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। बच्चों और बुजुर्गों में बुखार और त्वचा संबंधी रोगों की शिकायत आम हो गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर परिषद और संबंधित विभाग इस समस्या को लेकर पूरी तरह उदासीन हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। नालियां बनी लेकिन लेयर नीचे रहने के कारण जल

निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने की वजह से समस्या गंभीर बनी हुई है। वर्षों से मुख्तार मैदान क्षेत्र के वासी इस समस्या से जूझ रहे हें । नियमित साफ-सफाई नहीं होने से मोहल्ले में जगह-जगह पसरी गंदगी के कारण वार्ड सफाई व्यवस्था इन दिनों पूरी तरह से बदहाल हो चुकी है। नगर प्रशासन की लापरवाही के चलते वार्ड में नियमित सफाई नहीं हो रही है, जिससे कूड़ा-कचरा पसरा रहता है। यह स्थिति न सिर्फ देखने में खराब लगती है, बल्कि लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा बन गई है। लोगों ने जिला प्रशासन से इन समस्याओं से निजात दिलाने की मांग की है।
