गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी प्रखंड के सभी पैक्सों में धान की खरीद अचानक बंद हो जाने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। धान खरीद के सीजन में खरीद प्रक्रिया ठप होने से किसान आर्थिक संकट में फँस गए हैं। पैक्सों द्वारा खरीद बंद किए जाने का सीधा कारण राज्य के सभी बीसीओ का अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाना बताया जा रहा है।
बखरी प्रखंड के पैक्स अध्यक्ष अनिल यादव, इन्द्रदेव दास, पंकज वर्मा, बलराम सिंह कुशवाहा, अंजू देवी, जितेन्द्र महतो, चंद्रशेखर महतो सहित अन्य पदाधिकारियों ने बताया कि बीसीओ की हड़ताल के कारण खरीद प्रक्रिया बाधित हो गई है।
उनके अनुसार किसानों के धान की एंट्री,स्टॉक सत्यापन,भुगतान की प्रक्रिया,तथा अन्य आवश्यक कार्य बिना बीसीओ के नहीं हो पाते।पदाधिकारियों ने साफ कहा कि वर्तमान परिस्थिति में किसानों का भुगतान नहीं हो पाएगा। ऐसे में धान की खरीद शुरू करना संभव ही नहीं है।
पैक्स अध्यक्षों ने अपनी मजबूरी जाहिर करते हुए कहा कि जब तक बीसीओ अपनी हड़ताल समाप्त नहीं करते, तब तक खरीद बंद रह सकती है। इधर, धान बेचने के लिए पैक्स पर पहुँचे किसान काफी निराश दिखे। हरेराम यादव, जितेन्द्र यादव, सिकंदर यादव, रामजी साव, दिनेश यादव, रोहित पंडित, रामनरेश ईश्वर, राहुल ईश्वर, रामसगुन यादव, तथा राजकपूर साह सहित कई किसानों ने बताया कि रबी सीजन की बुवाई का समय चल रहा है। ऐसे में धान बेचकर मिलने वाली रकम से ही वे खाद बीज कीटनाशक और अन्य कृषि सामग्रियाँ खरीदने की योजना बना चुके थे।लेकिन पैक्स में खरीदगी ठप हो जाने से खेती कार्य प्रभावित हो रहा है।
किसानों का कहना है कि धान बेचने पर मिलने वाली नगदी से ही खेतों में काम शुरू होता है। खरीद प्रक्रिया बंद होने से उनकी आर्थिक स्थिति डगमगाने लगी है।किसानों ने सरकार से मांग की है कि जब तक बीसीओ की हड़ताल समाप्त नहीं होती, तब तक धान की खरीद के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को भारी नुकसान से बचाया जा सके।
