नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/ बेगुसराय
नावकोठी प्रखंड क्षेत्र की विष्णुपुर पंचायत अंतर्गत सैदपुर गांव में आयोजित पारंपरिक नागपंचमी मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। नागपंचमी के अवसर पर बखरी विधानसभा के विधायक सह बिहार सरकार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान मेले में पहुंचे और मां भगवती मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस दौरान उन्होंने मंच से उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि नागपंचमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और सभी जीवों के प्रति दया एवं सम्मान का संदेश देता है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि पूजा-पाठ के साथ-साथ पढ़ाई भी जीवन में उतनी ही आवश्यक है।
मेले में लोगों के मनोरंजन के लिए ब्रेक डांस, मिकी माउस, स्कॉर्पियो झूला, घोड़ा झूला सहित कई आकर्षक झूलों की व्यवस्था की गई है। वहीं मीना बाजार, मिठाई, चाट, चाऊमीन, मोमोज समेत विभिन्न प्रकार की दुकानों पर भी लोगों की अच्छी-खासी भीड़ देखी जा रही है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत 2, 3 एवं 4 अगस्त को विदेशिया नाच का आयोजन किया गया। वहीं 5 अगस्त की रात विभीषण नाट्य कला परिषद, सैदपुर के कलाकारों द्वारा “मां की ममता, पत्नी का मोह” नाटक का मंचन किया जाएगा।
मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल की तैनाती की गई है। थानाध्यक्ष मो. फिरदौस स्वयं मेले में मौजूद रहकर शांति एवं विधि-व्यवस्था की लगातार निगरानी कर रहे हैं।
इस अवसर पर मेला समिति के अध्यक्ष सुभाकर मिश्रा, सरपंच प्रतिनिधि घूरन पासवान, दीपक साह, रंजीत साह, सुरेश साह, नरेश पासवान, अरविंद पासवान, राकेश पासवान, रामवीर कुमार सहित मेला समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक उपस्थित रहे।


