गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी अवर निबंधन कार्यालय में कातिब एवं मुद्रांक विक्रेता संघ ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। हड़ताल पर बैठे कातिबों एवं मुद्रांक विक्रेताओं ने सरकार से पेपरलेस निबंधन व्यवस्था को वापस लेकर पूर्व की तरह पेपर आधारित रजिस्ट्री प्रणाली लागू करने की मांग की है।
संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि वर्तमान पेपरलेस रजिस्ट्री व्यवस्था में जमीन से संबंधित सभी महत्वपूर्ण जानकारियां स्पष्ट रूप से उपलब्ध नहीं हो पाती हैं। इसके अलावा रजिस्ट्री दस्तावेज पर क्रेता और विक्रेता के हस्ताक्षर नहीं रहते, वहीं दोनों पक्षों के गवाहों के हस्ताक्षर का भी कोई प्रावधान नहीं है। उनका कहना है कि रजिस्ट्री का प्रारूप अंग्रेजी भाषा में होने के कारण आम लोगों को इसे समझने में काफी कठिनाई होती है।
कातिबों का आरोप है कि नई व्यवस्था में कातिब एवं मुद्रांक विक्रेताओं के हस्ताक्षर के लिए भी कोई स्थान नहीं रखा गया है। साथ ही रजिस्ट्री की प्रक्रिया के दौरान आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर बार-बार ओटीपी की आवश्यकता पड़ती है। उनका कहना है कि यदि भविष्य में किसी ग्राहक के साथ बैंकिंग धोखाधड़ी जैसी घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी, यह भी स्पष्ट नहीं है।

संघ का यह भी कहना है कि पेपरलेस निबंधन व्यवस्था से सरकार के राजस्व पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसके अलावा इस व्यवस्था के कारण सैकड़ों कातिब एवं मुद्रांक विक्रेताओं के समक्ष रोजी-रोटी का संकट उत्पन्न हो जाएगा। उन्होंने सरकार से मांग की कि इस व्यवस्था की पुनः समीक्षा करते हुए पहले की तरह पेपर आधारित निबंधन प्रणाली लागू की जाए।
हड़ताल में कातिब संघ के सचिव अहमद खान, अध्यक्ष शशिकांत मिश्रा, कोषाध्यक्ष शंभुकांत झा, विपिन कुमार, अरुण कुमार सिंह, रामबदन पंडित, सुखदेव झा, शमीम अख्तर, मनोज यादव, अमरेंद्र प्रसाद सिंह सहित बड़ी संख्या में कातिब एवं मुद्रांक विक्रेता शामिल रहे।
इस संबंध में अवर निबंधन कार्यालय के निम्न वर्गीय लिपिक संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि बिहार निबंधन अधिनियम-2026 के तहत पेपरलेस निबंधन व्यवस्था लागू की गई है। रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी होने के बाद क्रेता को दस्तावेज की पीडीएफ फाइल उपलब्ध करा दी जाती है। उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान में कातिबों अथवा आम नागरिकों की ओर से किसी प्रकार का ऑनलाइन अपॉइंटमेंट नहीं कराया जा रहा है।


