नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता बेगूसराय
चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के बसौना घाट में रविवार दोपहर स्नान करने के दौरान डूबे तीनों किशोरों के शव सोमवार सुबह बरामद कर लिए गए। तीनों शव अलग-अलग स्थानों से मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद से ही एसडीआरएफ की टीम लगातार बूढ़ी गंडक नदी में खोजबीन अभियान चला रही थी।
जानकारी के अनुसार, मंझौल थाना क्षेत्र के पवड़ा पंचायत स्थित काजीचक गोलाघाट के समीप सोमवार सुबह एक किशोर का शव बरामद किया गया। शव की पहचान आदर्श कुमार (14 वर्ष), पिता बबलू सहनी के रूप में हुई। आदर्श का शव मिलने की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और वे घटनास्थल की ओर रवाना हो गए।
वहीं, डूबे दो अन्य किशोर पवन कुमार, पिता अर्जुन यादव और ऋकेश कुमार, पिता मुन्ना यादव के शव चांदपुरा थाना क्षेत्र के अझौर स्थित बूढ़ी गंडक नदी के समीप से बरामद किए गए। अलग-अलग जगहों पर शव मिलने की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक टीम भी मौके पर पहुंची।
शव मिलने की जानकारी मिलते ही तीनों के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और अपने बच्चों की पहचान की। अपनों के शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
बताया गया कि रविवार दोपहर तीनों किशोर बसौना घाट पर स्नान करने गए थे। इसी दौरान गहरे पानी में चले जाने से तीनों डूब गए। घटना की सूचना मिलने के बाद चेरिया बरियारपुर थाना प्रभारी ज्योति कुमार बसु, सीओ नंदन कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम ने नदी में लगातार खोजबीन अभियान चलाया।
सोमवार सुबह तीनों किशोरों के शव बरामद होने के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने घटना पर गहरा दुख जताया। पुलिस द्वारा शवों की पहचान और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।


