गंगरहो-मोहनपुर चौक पर स्थापित होगी भगवान विश्वकर्मा की विशाल प्रतिमा, कई दिनों तक चलेगा मेला
गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
भगवान विश्वकर्मा पूजा को इस बार भव्य रूप से मनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसी को लेकर सार्वजनिक विश्वकर्मा पूजा समिति, गंगरहो-मोहनपुर चौक की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने की।
बैठक में पूजा और मेले को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस बार गंगरहो-मोहनपुर चौक पर भगवान विश्वकर्मा की विशाल प्रतिमा स्थापित की जाएगी। पूजा के साथ कई दिनों तक मेले का भी आयोजन होगा। मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा झूले और विभिन्न प्रकार की दुकानों की व्यवस्था रहेगी।
समिति की ओर से बताया गया कि मेले में दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं और आम लोगों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाएगा। पूजा एवं मेले को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए नई कमेटी का भी गठन किया गया है।
नई कमेटी में संबोधक के रूप में नंदन महतो, संयोजक राजाराम राय, अध्यक्ष ललित कुमार वर्मा, सचिव राजीव कुमार सिंह, उपाध्यक्ष विभाकर कुमार सिंह, उप-सचिव मनीष कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष कमलेश कुमार, उपकोषाध्यक्ष सन्नी कुमार तथा मीडिया प्रभारी नितेश सिंह राजपूत को जिम्मेदारी दी गई है।
समिति के सदस्यों ने बताया कि विश्वकर्मा पूजा को यादगार बनाने के लिए इस बार विशेष तैयारियां की जा रही हैं। पूजा और मेले के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर भी विशेष जोर रहेगा।


