नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगूसराय
नावकोठी प्रखंड मुख्यालय स्थित कन्या मध्य विद्यालय, नावकोठी में शुक्रवार को मानव तस्करी एवं साइबर अपराध के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में नावकोठी थानाध्यक्ष मो. फिरदौस ने छात्र-छात्राओं को मानव तस्करी और साइबर अपराध के बढ़ते खतरे, इनके तौर-तरीकों तथा बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मानव तस्करी एक गंभीर सामाजिक अपराध है। तस्कर अक्सर बेहतर शिक्षा, नौकरी या अच्छे जीवन का लालच देकर बच्चों और किशोरियों को अपने जाल में फंसाने की कोशिश करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से किसी भी अनजान व्यक्ति के बहकावे में नहीं आने और हमेशा सतर्क रहने की अपील की। साथ ही कहा कि यदि आसपास कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे या कोई व्यक्ति लालच देकर कहीं ले जाने का प्रयास करे तो इसकी सूचना तुरंत अपने अभिभावकों, शिक्षकों या स्थानीय पुलिस को दें।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन सहायता नंबर 112 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 की उपयोगिता के बारे में भी जानकारी दी गई। उन्हें ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, किसी के साथ ओटीपी, पासवर्ड या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी गई।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक विभाकर कुमार ने इस जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों को समय रहते सतर्क और जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर एसआई पूनम कुमारी, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।


