पति-पत्नी ने पहले ही प्रयास में बीपीएससी में पाई सफलता, गांव में खुशी की लहर
विजय भारती ब्यूरो AV भारत न्युज बेगुसराय
भगवानपुर, सुदूर देहात प्रखंड क्षेत्र के पालीडीह गांव की बेटी कोमल कुमारी ने बीपीएससी 70वीं परीक्षा में 75वां रैंक हासिल कर डीएसपी बनकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है। खास बात यह है कि कोमल ने पति विकास कुमार सिंह के साथ मिलकर पहले ही प्रयास में यह मुकाम हासिल किया। विकास ने भी बीपीएससी उत्तीर्ण कर प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी का पद प्राप्त किया है। पति-पत्नी की इस दोहरी सफलता से पालीडीह गांव में खुशी की लहर है।

कोमल कुमारी व विकास कुमार सिंह
कोमल कुमारी लखनपुर पंचायत के पालीडीह गांव निवासी आंगनबाड़ी सेविका उषा कुमारी और किसान सह सामाजिक कार्यकर्ता अविनाश कुमार सिंह की बेटी हैं। उनकी चाची लखनपुर पंचायत की लगातार दो बार मुखिया रह चुकी हैं। कोमल ने शुरुआती पढ़ाई प्रखंड क्षेत्र के ब्रह्मस्थान उच्च विद्यालय दामोदरपुर से मैट्रिक और रामबिलास सिंह महाविद्यालय तेयाय से इंटर व बीए पूरी की। इसके बाद पति-पत्नी दोनों पटना में रहकर सिविल सेवा की तैयारी में जुटे और पहले ही प्रयास में सफलता हासिल कर ली।कोमल की इस उपलब्धि से ग्रामीणों का गर्व सातवें आसमान पर है।
पूर्व मुखिया जयप्रकाश सिंह, अमर सिंह अमीन, मुखिया सुरेंद्र कुमार, उप प्रमुख पंकज यादव, प्रमुख इन्द्रजीत कुमार, पैक्स अध्यक्ष प्रतिनिधि रितेश सिंह, वार्ड सदस्य ओमप्रकाश सिंह समेत कई गणमान्य लोगों ने कोमल को शुभकामनाएं देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। ग्रामीणों का कहना है कि एक आंगनबाड़ी सेविका की बेटी का डीएसपी बनना पूरे क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा बनेगा।


