गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगुसराय
“कौन कहता है कि आसमान में सुराख नहीं हो सकता, एक पत्थर तो तबीयत से उछालो यारों” — इस पंक्ति को चरितार्थ करते हुए वीरपुर पश्चिम पंचायत के सुरहा चौक निवासी एक साधारण परिवार के स्वर्गीय मुसन पंडित एवं पार्वती कुमारी के द्वितीय पुत्र चंदन कुमार तथा बरैयपुरा निवासी स्वर्गीय इंद्रदेव सहनी की पुत्री सुचिता कुमारी ने 70वीं बीपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल कर न केवल अपने गांव, बल्कि पूरे प्रखंड और जिले का नाम गौरवान्वित किया है।
70वीं बीपीएससी परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर चंदन कुमार का चयन प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) के पद के लिए हुआ है, जबकि सुचिता कुमारी का चयन ग्राम विकास अधिकारी के पद पर हुआ है। दोनों की इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

बताया जाता है कि दोनों परिवार सामाजिक एवं आर्थिक रूप से साधारण पृष्ठभूमि से आते हैं। तमाम चुनौतियों और सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार के लोगों ने बच्चों की शिक्षा को हमेशा प्राथमिकता दी और उन्हें आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रोत्साहित किया। इसी मेहनत और लगन का परिणाम है कि आज दोनों ने यह मुकाम हासिल किया है।
चंदन कुमार और सुचिता कुमारी की सफलता की खबर मिलते ही शिक्षक सर्वेश झा, छोटे गुरुजी, रंजन झा सहित कई बुद्धिजीवियों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


