गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगूसराय
वीरपुर थाना क्षेत्र के सरौंजा गांव में दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर नवविवाहिता को जलाकर मारने का प्रयास करने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर मोहम्मद साहिल की पत्नी केहकशा परवीन ने वीरपुर थाना में आवेदन देकर अपने पति समेत ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
दिए गए आवेदन में केहकशा परवीन ने आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष के लोग दहेज में मोटरसाइकिल और तीन भरी सोने की चेन मायके से लाने का दबाव बना रहे थे। मांग पूरी नहीं करने पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी।
आरोप है कि इसी क्रम में पति मोहम्मद साहिल, सास फरजाना खातून, ससुर मोहम्मद सादिक, ननद नसीबा खातून, देवर मो. सैयान और जेठानी रौशन खातून ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उसके शरीर पर केरोसिन तेल छिड़ककर दुपट्टे में आग लगा दी गई। इस घटना में उसके हाथ जल जाने की बात आवेदन में कही गई है।
मामले को लेकर वीरपुर थानाध्यक्ष राजू रंजन कुमार ने बताया कि आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।


