गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगूसराय
मुजफ्फरा निवासी एवं राजकीयकृत उर्दू प्राथमिक विद्यालय कटहरिया के प्रधान शिक्षक मोहम्मद वसीउल हक अंसारी को विद्यालयी कार्यों में कुशल नेतृत्व, नवाचार और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए 14 सितंबर को नई दिल्ली में नेशनल स्कूल लीडर अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा।
यह सम्मान कौमी उर्दू शिक्षक कर्मचारी संघ भारत, नई दिल्ली की ओर से आयोजित समारोह में दिया जाएगा। समारोह में अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी और जम्मू-कश्मीर यूनिवर्सिटी के प्रख्यात प्राध्यापक भी मौजूद रहेंगे। अंसारी को शिक्षा के क्षेत्र में उनके नेतृत्व, रचनात्मक पहल, नवाचार और समाज के प्रति जिम्मेदार भूमिका के लिए यह सम्मान प्रदान किया जा रहा है।
मोहम्मद वसीउल हक अंसारी का शैक्षणिक और सामाजिक क्षेत्र में सम्मानित होने का लंबा सिलसिला रहा है। वर्ष 1993 में जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर उन्हें तत्कालीन जिलाधिकारी ने सम्मानित किया था। इसके बाद वर्ष 1994 में जिला युवा पुरस्कार और वर्ष 1995 में गांधी शांति पुरस्कार से भी उन्हें जिलाधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया।
शिक्षा और भाषा के क्षेत्र में उन्हें कई राष्ट्रीय सम्मान भी मिल चुके हैं। वर्ष 2021 में नेशनल उर्दू टीचर अवार्ड, 2023 में नेशनल उर्दू अवार्ड और वर्ष 2025 में नेशनल लैंग्वेज अवार्ड से उन्हें सम्मानित किया जा चुका है। अब नेशनल स्कूल लीडर अवार्ड उनके सम्मान की इस श्रृंखला में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में जुड़ने जा रहा है।
अंसारी को मिलने वाले इस सम्मान की जानकारी से क्षेत्र के शिक्षकों, शिक्षाप्रेमियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। लोगों ने इसे कटहरिया विद्यालय, भगवानपुर प्रखंड और बेगूसराय जिले के लिए गौरव की बात बताया है।
इस अवसर पर राजकीय शिक्षक सम्मान प्राप्त एवं प्रधानाध्यापक मध्य विद्यालय बीहट रंजन कुमार, ओम प्रकाश, सलीम उद्दीन, जाकिर हुसैन, हाजरा खातून, शब्बीर आलम, सूरज कुमार, रिंकू कुमारी, नीलम कुमारी, पंकज पंडित, आरफा, खालिदा तमन्ना, अर्पण, फैसल अंसारी और राजा मोहसिन सहित अन्य शिक्षकों एवं शुभचिंतकों ने मोहम्मद वसीउल हक अंसारी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


