गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी प्रखंड सभागार में उर्वरक निगरानी समिति की बैठक प्रखंड प्रमुख शिवचंद्र पासवान की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में किसानों को निर्धारित दर से अधिक कीमत पर खाद बेचे जाने और उर्वरक की कालाबाजारी से जुड़े मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में विधायक प्रतिनिधि सह लोजपा (आर) के प्रखंड अध्यक्ष पंकज पासवान ने कहा कि समिति के सदस्यों की ओर से दिए गए प्रस्तावों को संबंधित पदाधिकारियों के पास भेजकर उस पर कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने किसानों को निर्धारित दर पर ही खाद उपलब्ध कराने की मांग की।
उन्होंने कहा कि यूरिया की निर्धारित कीमत 266 रुपये और डीएपी की कीमत 1350 रुपये है। इससे अधिक कीमत वसूलने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनका लाइसेंस रद्द किया जाना चाहिए।
भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज महतो और जदयू प्रखंड अध्यक्ष सुनील कुमार ने भी खाद की खरीद में किसानों के शोषण पर रोक लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद के लिए निर्धारित मूल्य से अधिक राशि नहीं देनी पड़े, इसे सुनिश्चित करना जरूरी है।
कृषि पदाधिकारी राम शोभित कुमार ने खाद विक्रेताओं को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलने की शिकायत मिलने पर संबंधित दुकानदार का लाइसेंस रद्द किया जाएगा। उन्होंने किसानों से अपील की कि यदि कोई दुकानदार निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलता है तो उसके खिलाफ लिखित आवेदन देकर शिकायत करें, ताकि कार्रवाई की जा सके।
बैठक में बीडीओ मुकेश कुमार, जिला पार्षद घनश्याम राय, बीटीएम विजय कुमार, बबलू कुमार, धीरज कुमार सहित उर्वरक निगरानी समिति के सदस्य और सलाहकार मौजूद रहे।


