नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता बेगूसराय
बेगूसराय जिले के डंडारी थाना क्षेत्र अंतर्गत राजोपुर गांव में गुरुवार की दोपहर गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना सामने आई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार वार्ड संख्या-1 निवासी रणधीर यादव को गांव के ही वार्ड संख्या-2 स्थित आम गाछी में ताश खेलने के लिए बुलाया गया था। बताया जा रहा है कि ताश खेलने के दौरान ही रणधीर यादव की कनपटी में गोली मार दी गई। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हत्या के पीछे आपसी रंजिश की बात सामने आ रही है।
बताया जाता है कि करीब एक वर्ष पहले हुए एक हत्या के मामले में रणधीर यादव को आरोपी बनाया गया था। हालांकि पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने के कारण उन्हें उस मामले में बरी कर दिया गया था। इसी पुराने मामले को वर्तमान हत्या से जोड़कर भी देखा जा रहा है। हालांकि हत्या के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस हत्या के कारणों के साथ-साथ घटना में शामिल आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी को लेकर जांच कर रही है।
दोपहर के समय हुई इस हत्या की घटना से राजोपुर गांव और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।


