अशोक कुमार ठाकुर AV भारत न्यूज संवाददाता तेघड़ा / बेगूसराय
बुधवार को नगर परिषद तेघड़ा में स्वच्छता ही सेवा अभियान का शुभारंभ किया गया। नगर कार्यपालक पदाधिकारी किशोर कुणाल ने स्वच्छता जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाते हुए इस विशेष अभियान की शुरुआत की। कार्यक्रम में कार्यपालक पदाधिकारी के साथ स्वच्छता पदाधिकारी ऋषभ कुमार गुप्ता, टैक्स कलेक्टर रोशन कुमार, स्वच्छता साथी लक्ष्मण कुमार, मोहम्मद दानिश सहित सभी स्वच्छता कर्मी एवं वार्ड पार्षद ने सक्रिय भागीदारी निभाई। 2 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत विभिन्न स्वच्छता आयामों के माध्यम से जागरूकता लाने एवं आम लोगों में स्वच्छता के प्रति व्यवहार परिवर्तन को मूर्त रूप देने हेतु सघन अभियान चलाना है।
नगर को सुंदर बनाने का लिया संकल्प
सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों एवं जनप्रतिनिधियों के द्वारा नगर क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया गया। कार्यपालक पदाधिकारी किशोर कुणाल ने नगर वासियों से अपील की कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें, कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें साथ ही “स्वच्छता ही सेवा” अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें। नगर स्वच्छता पदाधिकारी ऋषभ कुमार गुप्ता ने स्पष्ट रुप से कहा कि स्वच्छ वातावरण न केवल सौंदर्य बढ़ाता है, बल्कि यह स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। नगर परिषद, तेघड़ा का लक्ष्य है कि सामूहिक सहयोग से तेघड़ा नगर को एक आदर्श, स्वच्छ एवं स्वस्थ नगर बनाया जाए।
