गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
आगामी दीपावली, काली पूजा एवं छठ पर्व के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर बुधवार को बखरी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम सन्नी कुमार सौरव ने की।
बैठक में क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। एसडीएम श्री सौरव ने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह या शांति भंग करने वाले तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
थानाध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार ने पूजा समितियों से विधि व्यवस्था में सहयोग की अपील की तथा निर्देश दिया कि सभी आयोजन स्थल पर सीसीटीवी कैमरे, विद्युत व्यवस्था एवं अग्निशमन की तैयारी सुनिश्चित किये जाएंगे।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि छठ घाटों की सफाई, रोशनी की व्यवस्था एवं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। शांति समिति की बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई, जिसमें प्रशासन और समाज के लोगों ने मिलकर पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने का संकल्प लिया।

मौके पर सीओ राकेश कुमार चौधरी, बीडीओ मुकेश कुमार, थानाध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार, अपर थानाध्यक्ष पवन कुमार, एसआई कैलाश यादव, एसआई छौटन कुमार, एएसआई शंभू कुमार सहित पूजा समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय गणमान्य लोगों ने भी भाग लिया।
सभी ने प्रशासन को पर्व के दौरान होने वाली संभावित समस्याओं की जानकारी दी तथा सहयोग का आश्वासन भी दिया।
