बखरी सलौना स्टेशन पर उमड़ी अपार भीड़
गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
विधानसभा चुनाव संपन्न होते ही एक बार फिर प्रवासी मजदूरों का अपने कार्यस्थलों की ओर लौटने का सिलसिला शुरू हो गया है। बखरी सलौना रेलवे स्टेशन पर सुबह से ही यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। प्लेटफॉर्म पर जनसैलाब ऐसा था कि कदम रखने तक की जगह नहीं बची।रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म से लेकर टिकट काउंटर और ट्रेन की बोगियों तक यात्रियों का सैलाब दिखाई दिया। मजदूरों का कहना था कि वे चुनाव में मतदान करने गांव लौटे थे।
अब जब मतदान प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है और कामकाज की गतिविधियां फिर से शुरू होने वाली हैं, तो उनके लिए अपने रोजगार स्थल पर लौटना आवश्यक हो गया है।स्थानीय लोगों का कहना है कि यह दृश्य हर बार चुनाव समाप्त होने के बाद आम हो जाता है। प्रवासी मजदूर सालों से इस परंपरा का पालन करते आ रहे हैं चुनाव के समय गांव आना और मतदान कर परिवार के साथ कुछ दिन बिताने के बाद काम की तलाश में दोबारा लौट जाना।
