गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान श्री विश्वबंधु पुस्तकालय का द्विवार्षिक आम चुनाव शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। निर्वाचन पदाधिकारी भोला चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि चुनाव में कुल 946 मतदाताओं में से 743 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो कुल मतदान का 78.54 प्रतिशत रहा।
उन्होंने बताया कि मतदान अपने निर्धारित समय पर प्रारंभ हुआ और संध्या तीन बजे तक चला। प्रशासनिक सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न इस चुनाव में मतदान केंद्र के बाहर प्रत्याशियों एवं उनके समर्थकों की भारी भीड़ देखी गई। हालांकि ठंड के कारण दोपहर 12 बजे तक मतदान प्रतिशत अपेक्षाकृत कम रहा, जिससे प्रत्याशियों के चेहरे पर मायूसी झलकती रही। मौसम के हल्का साफ होने के बाद दोपहर के समय मतदाताओं की संख्या में बढ़ोतरी हुई, जिससे मतदान केंद्र के बाहर भीड़ उमड़ पड़ी।
चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मजिस्ट्रेट सह आरओ सचिन कुमार तथा एसआई मनीष कुमार पंडित पुलिस बल के साथ लगातार जायजा लेते देखे गए। मतदान समाप्ति के पश्चात संध्या चार बजे से मतगणना कार्य प्रारंभ किया गया, जो समाचार प्रेषण तक जारी था।
