गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
सरस्वती पूजा एवं आगामी गणतंत्र दिवस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को बखरी अनुमंडल सभागार एवं बखरी थाना परिसर में अलग-अलग शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठकों में प्रशासन द्वारा स्पष्ट निर्देश दिया गया कि सरस्वती पूजा के दौरान डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी अनुमंडल सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी सन्नी कुमार सौरव ने की, जबकि बखरी थाना परिसर में आयोजित बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर शैलेंद्र कुमार ने की।
अधिकारियों ने कहा कि सरस्वती पूजा के आयोजन के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। बिना लाइसेंस पूजा आयोजित करने वालों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन ने पूजा समितियों से अपील की कि पूजा के दौरान केवल भक्ति गीत ही बजाए जाएं, किसी भी प्रकार के अश्लील या आपत्तिजनक गीतों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। साथ ही पूजा का आयोजन पूरी तरह शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं नियमों के अनुरूप किया जाए।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि सभी पूजा समितियां विसर्जन का समय एवं विसर्जन मार्ग पहले से निर्धारित कर प्रशासन को अवगत कराएं, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। प्रशासन ने समय से लाइसेंस प्राप्त करने और सभी नियमों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की।
बैठक में पुलिस इंस्पेक्टर रामकुमार सिंह, एसआई पवन कुमार, सपा जिलाध्यक्ष दिलीप केशरी, उप प्रमुख प्रतिनिधि एवं पैक्स अध्यक्ष बलराम सिंह कुशवाहा, भाकपा नेता जितेंद्र जीतू, जिला परिषद सदस्य घनश्याम राय, पूर्व मुखिया तुफैल अहमद खान, लोजपा प्रखंड अध्यक्ष पंकज पासवान सहित अनुमंडल क्षेत्र के पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान शांति भंग करने वाले तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
