गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी प्रखंड क्षेत्र के अकहा गांव में सरस्वती पूजा के अवसर पर 200 कुमारी कन्याओं द्वारा निकाली गई भव्य कलश यात्रा लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। कलश यात्रा में शामिल कन्याओं और श्रद्धालुओं ने पूरे गांव को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।कलश यात्रा के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं एवं युवा श्रद्धालु इस धार्मिक आयोजन में शामिल हुए। यात्रा गांव के विभिन्न मार्गों से होते हुए पूजा स्थल तक पहुंची, जहां विधिवत पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की गई।
पूजा कार्यक्रम का उद्घाटन लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के बखरी प्रखंड अध्यक्ष पंकज पासवान एवं प्रखंड महासचिव संजीत यादव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और शैक्षणिक उन्नति की कामना की। इस अवसर पर गांव के दर्जनों गणमान्य व्यक्ति, समाजसेवी और बुद्धिजीवी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने पूजा समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए आयोजन को सफल बताया।
पूरे दिन पूजा स्थल पर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। पूजा समिति की ओर से सुरक्षा, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर विशेष प्रबंध किए गए थे। आयोजन स्थल पर अनुशासन और व्यवस्था बनी रही।सरस्वती पूजा के इस भव्य आयोजन से अकहा गांव पूरी तरह भक्ति, आस्था और उल्लास के रंग में रंगा नजर आया। ग्रामीणों में उत्सव को लेकर खास उत्साह देखने को मिला।
